वाराणसी। लोकसभा चुनाव से पहले चार छोटे दलों ने गठबंधन बनाया है। इसे एकता मंच नाम दिया गया है। इसमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (भासपा), जन अधिकार मंच, जनवादी पार्टी तथा कौमी एकता दल शामिल हैं। मंच ने ऐलान किया है कि सूबे की सभी 80 लोकसभा सीटों पर दावेदारी पेश की जाएगी। अलग पूर्वांचल राज्य प्रमुख एजेंडा होगा। मंच ने पूर्वांचल की पांच सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी है।
भासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर सलेमपुर, जन अधिकार मंच के अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा गाजीपुर, कौमी एकता दल के मुख्तार अंसारी वाराणसी व अफजाल अंसारी बलिया और जनवादी पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान आजमगढ़ से चुनाव लड़ेंगे। यह जानकारी मंच के पदाधिकारियों ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों को दी। भासपा अध्यक्ष, जनवादी पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान, कौमी एकता दल के उपाध्यक्ष ओंकार पटेल व मंडल प्रभारी मो. सलीम तथा जन अधिकार मंच के आरपी कुशवाहा ने बताया कि दस दिन पहले ही एकता मंच का गठन हुआ है। किस सीट से किस दल का प्रत्याशी चुनाव मैदान में होगा, इस बारे में बात हो गई है। सभी दल मिलकर प्रचार करेंगे। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि बाबू सिंह कुशवाहा लुटेरे नहीं थे, उन्हें बसपा प्रमुख ने लुटेरा बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का पैसा लूटने के लिए बसपा प्रमुख ने बाबू सिंह को जरिया बना लिया था। कहा कि जब आदमी एक बार धोखा खा जाता है तो फिर कदम फूंक फूंककर आगे बढ़ाता है। यही स्थिति अब कुशवाहा की है। उधर, भाजपा के टिकट पर शिवपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन आरपी कुशवाहा ने कहा कि जहां बाबू सिंह कुशवाहा रहेंगे, वहीं वे भी रहेंगे।
----
लोकसभा चुनाव को तैयार रहें भासपा कार्यकर्ता : ओमप्रकाश
वाराणसी (ब्यूरो)। भासपा के सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं से अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने पदाधिकारियों से चुनाव के दृष्टिगत 15 दिन के अंदर ग्राम स्तर पर कमेटियों का गठनकर सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा।
जिला पंचायत सभागार में बुधवार को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने जहां भी प्रत्याशी उतारा, उन्हें 10 से लेकर 25 हजार वोट मिले। इतना वोट मिलना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने देवरिया के भाटपार रानी में हुए उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को मिले वोटों का जिक्र कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने की कोशिश की। उनका कहना था कि जून महीने में जिला पंचायत सभागार में पूर्वांचल स्तर का तीन दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को उन्होंने सम्मेलन की तैयारी अभी से शुरू करने के लिए कहा। इस मौके पर शशि प्रताप सिंह, सुनील राजभर, शंकर राजभर, रमेश राजभर, मुरलीधर मिश्रा, छेदी यादव आदि ने भी विचार व्यक्त किए।