सारनाथ। सारनाथ की अमनपुरी कालोनी में मंगलवार की सुबह नौ बजे कालोनाइजर खुर्शीद आलम के घर एक बदमाश ने फायरिंग कर दी। पहले उस बदमाश ने लोहे का मेन गेट खोलकर खुर्शीद को आवाज लगाई। वह जैसे ही ड्राइंग रूम से बाहर निकले, बदमाश ने उनपर तीन फायर किए। खुर्शीद ने घर में भागकर जान बचाई। इस मामले में उन्होंने 15 हजार के इनामी आदमपुर निवासी राजेश चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राजेश ने पांच दिनों पूर्व फोन कर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी।
खुर्शीद आलम के मुताबिक सुबह वह अपने दो दोस्तों के संग घर में बैठे थे। करीब नौ बजे मेन गेट से किसी ने उनका नाम लेकर आवाज लगाई। वह जैसे ही ड्रांइग रूम का दरवाजा खोलकर आगे बढ़ने लगे, गेट पर खड़े युवक ने फायर कर दिया। उन्होंने अंदर भागकर जान बचाई और शोर मचाकर लोगों को जुटाया। लोगों के जुटने पर बदमाश भाग निकले। सूचना के बाद मौके पर एसओ सारनाथ सुनील कुमार वर्मा और एसपी सिटी राहुल राज भी पहुंचे। पुलिस ने घर के अंदर से नाइन एमएम के दो खोखे बरामद किए। दीवार पर दो जगह गोलियों के निशान मिले, जबकि लोगों का कहना था कि उन्होंने फायर की तीन आवाजें सुनीं। बताया जा रहा है कि बदमाशों की संख्या दो थी। एक बाइक पर था और एक ने गेट से फायरिंग की।
खुर्शीद ने पुलिस को बताया कि पांच दिनों पूर्व इनामी राजेश चौधरी ने उन्हें फोन कर पांच लाख रुपये मांगे थे। यह बात उन्होंने पुलिस को नहीं बताई थी। उन्होंने बदमाश का जो हुलिया बताया वह राजेश से मिलता-जुलता है। एसपी सिटी राहुल राज के मुताबिक डराने-धमकाने के लिए गेट से फायरिंग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।