वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अनारक्षित टिकट काउंटर पर बुकिंग लिपिक को सुपरफास्ट कमाई भारी पड़ गई। एंटी फ्राड टीम के सदस्यों ने काउंटर छह पर तैनात कर्मचारी को धन उगाही करते रंगे हाथ दबोच लिया। जांच के दौरान उसके पास से कैश मिलान में 260 रुपये अधिक भी पाए गए। मामले की रिपोर्ट मंडल कार्यालय को भेज दी गई है। पिछले एक सप्ताह के अंदर अनारक्षित टिकट काउंटर पर यह तीसरा मामला है।
शनिवार को कैंट स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटर छह पर दोपहर दो बजे बिहार निवासी मोहन अपने साथियों के साथ सूरत का टिकट लेने पहुंचा। यात्री ने चार टिकट के लिए लिपिक को एक हजार तीन सौ रुपये दिए। 310 रुपये की दर से यात्री का चार लोगों का किराया 1240 रुपये हुआ जबकि लिपिक ने उसे मात्र 20 रुपये ही लौटाए। यात्रियों ने जब इसका विरोध किया तो लिपिक ने सुपरफास्ट चार्ज का हवाला देते हुए उन्हें काउंटर से भगा दिया। मौके पर मौजूद एंटी फ्राड टीम के सदस्यों ने यात्रियों का बयान दर्ज किया और उनके रुपये वापस कराने के साथ ही लिपिक के कैश की जांच की। जांच के दौरान उसके पास से 260 रुपये अधिक मिले। मामले की पूरी रिपोर्ट बनाकर मंडल कार्यालय को भेज दी गई है। सप्ताह भर के अंदर यह तीसरा मामला है जब लिपिक के पास कैश मिलान में अनियमितता पाई गई है।