Sports News: जूनियर महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन से काशी के खिलाड़ियों में जोश, जमकर कर रहे अभ्यास
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: Pragati Chand
Updated Sat, 06 Jun 2026 03:57 PM IST
सार
Varanasi News: एशिया कप में भारतीय महिला टीम ने प्रतियोगिता की मजबूत टीम दक्षिण कोरिया को हराकर अपनी क्षमता का परिचय दिया है। इससे काशी के खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
एशिया कप में भारतीय जूनियर अंडर-18 महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन ने काशी के खिलाड़ियों में नया जोश भर दिया है। भारतीय महिला टीम ने प्रतियोगिता की मजबूत टीम दक्षिण कोरिया को हराकर अपनी क्षमता का परिचय दिया है। टीम के प्रदर्शन से उत्साहित स्थानीय खिलाड़ी इन दिनों डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम के एस्ट्रो टर्फ पर जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
वाराणसी हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने कहा कि भारतीय टीम की जीत से वाराणसी के खिलाड़ियों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मैच उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दबाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की है।
ओलंपियन ललित उपाध्याय ने कहा कि जब भी भारतीय टीम विदेशी धरती पर अच्छा प्रदर्शन करती है, खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है। इससे उनमें अपने खेल को और बेहतर बनाने का जज्बा मजबूत होता है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूर्णिमा यादव ने कहा कि एशिया कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। चीन के खिलाफ निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन से हॉकी को नई ऊर्जा मिली है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है।