अल्मोड़ा। सेवानिवृत केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति की राजकीय संग्रहालय सभागार में हुई बैठक में वक्ताओं ने नगर में रसोई गैस की होम डिलीवरी शुरू नहीं होने पर रोष जताया। साथ ही नगर में बंदरों के बढ़ते आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नगर में रसोई गैस की होम डिलीवरी नहीं होने से ग्राहकों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मोहल्लों में बंदरों का आतंक बढ़ने से छोटे बच्चों का अकेले स्कूल जाना मुश्किल हो गया है।
वक्ताओं ने काठगोदाम-अल्मोड़ा-बागेश्वर रेल लाइन का निर्माण करने, पानी के बिल में हर साल होने वाले 11 प्रतिशत बढ़ोत्तरी को कम करने, अस्पताल की पर्ची शुल्क कम करने की मांग की। कहा कि अतिवृद्ध पेंशनरों का अगूंठा निशान बायोमेट्रिक सिस्टम में न आने से बैंक पेंशन देने में आनाकानी कर रहे हैं।
बैंकों को जीवित प्रमाण पत्र के लिए पेंशनरों को परेशान नहीं करना चाहिए। बैठक में शिवराज साह, नंदन सिंह बिष्ट, नवीन चंद्र जोशी, हरीश लाल, राजेंद्र प्रसाद, विनोद चंद्र पंत, गोविंद सिंह कार्की, डॉ. पीसी जोशी, डॉ. सुबोध कुमार पंत आदि थे।