अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी कार्यकर्ता ने रविवार को चौघानपाटा में प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत और जिंदल का पुतला फूंका। नानीसार में सैकड़ों नाली भूमि पर कथित अतिक्रमण के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिंदल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया।
उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि गरीबों, भूमिहीनों, आपदा पीड़ित, दलितों के अधिकारों का हनन कर पूंजीपतियों, माफिया को जमीनें आवंटित करना राज्य का सबसे बड़ा मुद्दा है। इससे राज्य निर्माण का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है।
कार्यकर्ता जिंदल तेरी कब्र बनेगी नानीसार की धरती पर, माफियाराज की कब्र बनेगी उत्तराखंड की धरती पर आदि स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे। पुतला फूंकने वालों में केंद्रीय सचिव आनंदी वर्मा, जीवन चंद्र, अमीनुर्रहमान, अनूप तिवारी, मो. शाकिब, हसन अहमद, ललित चौधरी, रेखा धस्माना, उदय किरौला, लक्ष्मीलाल वर्मा, लीला आर्या, रेखा आर्या, ललित पंत, दीपा आर्या, ममता आर्य आदि थे।
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नानीसार बचाओ, उत्तराखंड बचाओ संघर्ष समिति और परिवर्तन पार्टी ने नानीसार आंदोलन को एक साल पूरा होने पर रविवार को द्वारसों में प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत और जिंदल समूह का पुतला जलाया। कहा कि सोमवार को अल्मोड़ा में प्रस्तावित प्रदर्शन में नानीसार के ग्रामीण भी भाग लेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि एक साल पहले 25 सितंबर को प्रशासन और सरकार की शह पर हिमांशु एजूकेशनल सोसाइटी ने नानीसार पर कब्जा कर बांज, बुरांश, काफल के पेड़ों को जमींदोज कर दिया था। तभी से नानीसार के लोग संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान अध्यक्ष विशन सिंह राणा, राजेंद्र राणा, पूरन राणा, विनोद राणा, गुलाब सिंह, दीवान सिंह, गणेश सिंह, पूनम राणा, कोमल राणा, दया राणा, हीरा राणा थे।
अल्मोड़ा। नानीसार समेत उत्तराखंड राज्य में प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी और नानीसार बचाओ उत्तराखंड बचाओ संघर्ष समिति 26 मार्च को सुबह 11 बजे चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क से नगर में सामुदायिक मार्च निकालेगी। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने नानीसार मुद्दे से सहमत सभी लोगों से मार्च में भाग लेने का आह्वान किया है।