गजरौला। दिल्ली और एनसीआर ही नहीं यहां रहने वाले बदमाशों के तार हरियाणा से भी जुड़े हुए हैं। गुड़गांव में हुई वाहन चोरी की घटना में वांछित वारंटी की तलाश में हरियाणा पुलिस ने यहां दबिश दी।
और पढ़ें
बुधवार को गुड़गांव हरियाणा के थाना डीएलएफ फेज टू से आई पुलिस यहां थाने पहुंची और थाना क्षेत्र के गांव लिसड़ी में रह रहे एक बदमाश के वारंट दिखाए। इसके बाद पुलिस ने वहां दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। गुड़गांव पुलिस की टीम में शामिल एक सिपाही ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अब तक गजरौला से पच्चीस से अधिक चोरी की बाइकों को उनकी पुलिस ले जा चुकी है। गुड़गांव में हो रही बाइकों और अन्य वाहनों की चोरियों में गजरौला थाना क्षेत्र में रह रहे अधिकांश बदमाशों का हाथ है। बता दें कि एक पखवाड़े पूर्व गाजियाबाद की एसओजी यहां मोहल्ला जलालनगर में मेडिकल स्टोर चलाने वाले डा. रफीक अहमद समेत कुछ लोगों को उठाकर ले गई थी। इनकी निशानदेही पर चोरी की कई बाइकें भी बरामद की गई थीं। हालांकि डा. रफीक को एक स्थानीय नेता ने साठगांठ कर छुड़ा लिया था।