अमरोहा। जिलाधिकारी वीके पंवार के निर्देश पर महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर प्रशासन ने कावड़ियों की सुरक्षा का खाका तैयार किया है। इसके लिए जनपद को सात सेक्टर में बांटकर प्रत्येक की कमान सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई है। वहीं, अपने-अपने क्षेत्र में लेखपाल और कानूनगो से भी चौबीस घंटे नजर रखने कहा गया है।
बता दें महाशिवरात्रि पर्व के नजदीक आते ही पुलिस और प्रशासन ने शिव भक्तों की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी की है। कांवड़ियों के पहले से ही निर्धारित रूट पर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। वहीं, अब प्रशासन ने भी सुरक्षा बंदोबस्त को कमर कसते हुए जिले को सात सेक्टर बांटा है। हर सेक्टर में मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। जो थानाक्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और संभावित विवादों पर नजर रखेंगे। साथ ही इनके सहयोग में लेखपाल और कानूनगो को भी लगाया है।
लेखपाल व कानूनगो कोई भी घटना होने पर उच्चाधिकारियों को सूचित करेंगे। शहर सेक्टर में नानक चंद्र तहसीलदार सदर को, नौगावां में सुरेश कुमार तहसीलदार न्यायिक, देहात में खंड विकास अधिकारी रनवीर सिंह, डिडौली क्षेत्र में शौकत अली बीडीओ जोया, रजबपुर में चकबंदी अधिकारी हितेश कुमार, हसनपुर क्षेत्र में बलराम सिंह बीडीओ ब्लाक हसनुपर, हसनपुर गजरौला मार्ग पर नरेश शर्मा तहसीलदार हसनपुर को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं, प्रशासन ने हसनपुर के सिवाला गांव रामलीला मैदान केशिव मंदिर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
धनौरा तहसील में नहीं हुई तैयारी
अमरोहा। शिव भक्तों की सुरक्षा को लेकर जिलेभर में तैयारियां पूरी हो गई हैं। दो तहसीलों में एसडीएम ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। जबकि, धनौरा तहसील में अभी कावड़ियों की सुरक्षा का खाका तैयार नहीं किया गया है। एसडीएम धनौरा का कहना है कि तैयारियां अंतिम दौर में हैं।