गजरौला। रेलवे क्रासिंग पर लगे जाम ने लोगों का पसीना निकाल दिया। डेढ़ घंटे तक फाटक बंद रहने और दो घंटे बाद यातायात सुचारु होने पर जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपरान्ह के समय फिर से यही स्थिति रही।
मंगलवार को रेलवे के पश्चिमी केबिन संख्या 45 सी स्पेशल पर लगे जाम ने लोगों को दिनभर रुलाया। शुरूआत हुई सुबह आठ बजे। फाटक बंद हुआ तो केबिनमैन ने एचएम पैसेंजर, फैक्ट्री का लोड, दिल्ली-बरेली एक्सप्रेस निकालीं। फाटक खुला 8.50 बजे। इस दौरान मालगाड़ी आउटर पर खड़ी रही। इसके बाद फाटक 9.20 बजे बंद हुआ। कोटद्वार जाने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस आने के बाद उसके इंजन की शंटिंग की गई। फिर दो रनथ्रू ट्रेनें निकाली गईं। इसके लगभग एक घंटे बाद फाटक खुला तो दोनों ओर छोटे-बड़े सैकड़ों वाहन और हजारों लोग जाम में फंसे हुए थे। इस दौरान फाटक बंद रहने से दो घंटे तक जाम में फंसे लोग भीषण गर्मी में पसीने से भीग गए। यही स्थिति अपरान्ह को तीन बजे हुई। नजीबाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन के लिए फाटक बंद किया गया तो इसी दौरान फैक्ट्री का लोड भी पास हुआ। इस कारण फिर से लंबा जाम लग गया।