अमरोहा। बदायूं जेल से मेरठ पेशी पर जा रहा शामली का शार्प शूटर अमित पवार चलती नौचंदी एक्सप्रेस से पुलिस को गच्चा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। पीछा करने को हेड कांस्टेबिल ने भी छलांग लगा दी। जिससे वह जख्मी हो गया। जीआरपी ने देर शाम मुकदमा दर्ज कर तीनों कांस्टेबल को गिरफ्तार कर उनकी राइफलें कब्जे में ले ली हैं। बदमाश को शनिवार को मेरठ की अदालत में दलित की हत्या के मामले में पेश होना था।
शामली जनपद के कांधला थानार्न्तगत नाला गांव निवासी अमित पवार (25) पुत्र कुंवर सिंह 31 दिसंबर से बदायूं की जिला कारागार में बंद था। उसके खिलाफ मेरठ की अदालत में दलित की हत्या का मुकदमा लंबित चल रहा है। इसी सिलसिले में शनिवार को अमित की कोर्ट में पेशी थी। शुक्रवार की रात को बरेली से बदायूं पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल कैलाश नारायण के साथ सिपाही अमित खाटियाल व संजय सिंह नौचंदी एक्सप्रेस से मेरठ के लिए चढ़े थे। मुरादाबाद स्टेशन से निकलते ही बदमाश बोगी की टायलेट में चला गया। जबकि बाहर हेड कांस्टेबल कैलाश नारायण खड़ा रहा।
करीब 15-20 मिनट बाद बाहर निकलते ही वाशबेसन पर हाथ धोते वक्त अमरोहा स्टेशन से मात्र पांच सौ मीटर पहले अमित ने सिपाही को छिटकते हुए चलती ट्रेन से छलांग मार दी और हथकड़ी समेत फरार हो गया। पकड़ने को ट्रेन से कूदा सिपाही कैलाश जख्मी हो गया। ट्रेन रुकते ही पुलिस कर्मियों ने जीआरपी को सूचना दी। देर शाम बदायूं एसएसपी के निर्देश पर जीआरपी ने हेड कांस्टेबल कैलाश नारायण की तहरीर पर कैदी अमित पवार व तीनों सिपाहियों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत कर लिए हैं। जीआरपी ने पुलिसकर्मियों की राइफलें कब्जे में लेकर इन्हें गिरफ्तार कर लिया।