अमरोहा। बदमाशोें के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने शहर के व्यस्तम इलाके में स्थित बैंक में घुसकर व्यापारी से 75 हजार रुपये की नगदी से भरा बैग लूट लिया। लेकिन छीनाझपटी के बीच बदमाशों को बैग छोड़कर भागना पड़ा। दिनदहाड़े इस दुस्साहस से बैंक में भगदड़ मच गई। बैंक ड्यूटी पर तैनात सिपाही कुछ दूर पीछे दौड़े लेकिन फिर हांफते हुए वापस लौट आए।
शहर कोतवाली के मुहल्ला मंडी चौब निवासी नीरज माहेश्वरी मंगलवार की दोपहर जट बाजार स्थित एक बैंक मेें 75 हजार रुपये जमा करने गए थे। करीब एक बजे फार्म भरते समय दो युवकों ने नगदी से भरा बैग झपट लिया। धकियाकर भागते समय कारोबारी के शोर मचाने पर बैंक में खलबली मच गई। भागते समय छीनाझपटी हुई तो बदमाश बैग छोड़कर फरार हो गए। बैंक गार्ड व ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबिल पीछे दौड़े लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। शहर कोतवाल का कहना है कि अगर तहरीर मिली तो मुकदमा कायम किया जाएगा।