अमरोहा। जोया के पास हाईवे पर मंगलवार शाम गोपालजी डेयरी फैक्टरी का पेमेंट लेकर लौट रही दूध की गाड़ी को रोककर बोलेरो सवार बदमाशों ने 5.37 लाख कैश लूट लिया। सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। इधर, ड्राइवर व हेल्पर से पूछताछ के बाद पुलिस ने पूरी वारदात को ही संदिग्ध मानते हुए अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोपालजी के गजरौला प्लांट से रुद्रपुर में सप्लाई के बाद दुग्ध वाहन का चालक व उसके दो हेल्पर डिस्ट्रीब्यूटर हेमजी से 5.37 लाख कैश लेकर लौट रहे थे। देर शाम करीब साढ़े पांच बजे गाड़ी के ट्रांसपोर्टर ने कंपनी के प्रबंधन को फोन करके सूचना दी कि ड्राइवर व हेल्पर का पीछा करके बोलेरो सवार बदमाशों ने रजबपुर थाना क्षेत्र में जोया के पास कैश लूट लिया। खबर से कंपनी मालिक व प्रबंधन में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस भी हरकत में आ गई।
पुलिस ने चालक व उसके हेल्पर को जीप में बैठाकर घटनास्थल का मुआयना किया तब सड़क की खंदी में दुग्ध टेंकर आधा झुका मिला। कई घंटे बाद पुलिस ने घटनास्थल से कोई क्लू या बदमाशों का सिरा नहीं मिलने पर ड्राइवर व हेल्पर से पूछताछ शुरू कर दी। देर रात तक पुलिस को लूट की वारदात से जुड़े प्रमाण नहीं मिल सके थे। अलबत्ता पुलिस घटना को ही संदिग्ध मानते हुए चालक और दोनों हेल्पर के खिलाफ अमानत में खयानत की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुटी थी।