गजरौला। तीन घरों में घुसे चोर 52 हजार की नकदी समेत लगभग आठ लाख का सामान चोरी कर ले गए। सीआरपीएफ जवान के घर के बाहर उसके बड़े भाई पर डंडे से हमला भी किया गया। रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित गांव रायपुर शुमाली में बेखौफ चोरों ने सोमवार की रात को तांडव मचाया। गांव में रहने वाले काशीराम पुत्र इमरत के घर में घुसे चोर तीन जोड़ी पाजेब, तीन सोने की चेन, बिछुए, अंगूठी, कमरबंद, कंगन और 30 हजार की नकदी समेत लगभग ढाई लाख का सामान ले गए। दूसरी ओर चोरों ने पड़ोस में ही नीटू सिंह पुत्र भोजराज सिंह के घर को निशाना बनाया। यहां से दो हजार की नकदी, एक जोड़ी पाजेब और दो कपड़ों के बैग समेत लगभग 15 हजार का माल ले उड़े। कुछ ही दूरी पर रहने वाले राजवीर सिंह के घर में दीवार फांदकर घुसे चोरों ने वहां से भी नकदी और सामान समेट लिया। राजवीर सिंह सीआरपीएफ में जवान है और उसकी पोस्टिंग गुड़गांव में है। घर में उसकी पत्नी पूजा और भतीजी ज्योति सो रही थीं। आहट होने पर ज्योति ने अपने पिता जसवंत सिंह को फोन किया। वह आए तो दरवाजे पर खड़े चोरों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। जसवंत सिंह के मुताबिक चोर 12 तोला सोने के जेवर, बीस हजार की नकदी, एक बोरा बर्तन आदि समेत पांच लाख से अधिक का सामान ले गए। चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।