अमरोहा। रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह 13 अप्रैल को रजबपुर में जनसभा करेंगे। उनके साथ फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा, अमर सिंह भी आएंगे। वहीं 15 अप्रैल को फिल्म अभिनेता राजबब्बर और नगमा के साथ जयंत चौधरी नौगावां सादात में जनसभा और रोड शो करेंगे।
राष्ट्रीय लोकदल की बुधवार को पक्का बाग में डा. हरि सिंह ढिल्लो के आवास पर हुई बैठक में चौधरी अजित सिंह के 13 अप्रैल को रजबपुर के नेहरू स्मारक इंटर कालेज में होने वाले कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार की गई। रालोद प्रत्याशी राकेश टिकैत के समर्थन में होने वाली इस सभा में ठाकुर अमर सिंह और जयाप्रदा भी शामिल होंगी। पूर्व एमएलसी ढिल्लो ने कहा कि किसानों के मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को हमारी सच्ची श्रदंजलि तभी होगी जब उनके बेटे को जातिधर्म से उठकर भारी बहुमत से जिताएं। बैठक में जिलाध्यक्ष बुध सिंह, बाबू वीर सिंह, अनिल चौधरी, किरनपाल सिंह, गुरुदयाल सिंह, जन्म सिंह, सतेंद्र सिंह, मलखान सिंह संतरपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, सतेंद्र सिंह, देवराज सिंह, सतपाल सिंह, निरंजन सिंह आदि रहे।