अमरोहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नल में शुक्रवार रात चोरों ने व्यापारी के घर की दूसरी मंजिल पर चढ़कर नगदी, आभूषण व कीमती सामान समेत करीब चार लाख रुपये का माल बटोर लिया। पीड़ित ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला नल निवासी अब्दुल रब की मुहल्ले मेें ही इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। शुक्रवार को अब्दुल रब मय परिवार के डिडौली क्षेत्र में अपने पुश्तैनी घर गया हुए थे। रात्रि में किसी समय चोर दीवार के सहारे दूसरी मंजिल पर चढ़कर घर में कूद गए।
चोरों ने रातभर कमरों को खंगालकर अल्मारी का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की नगदी, पांच तोला सोने व चांदी के आभूषण सहित बाकी सामान कब्जे में कर लिया और फरार हो गए। अब्दुल रब को घटना की जानकारी सुबह घर पहुंचने पर हुई। बिखरा सामान और अल्मारी का लॉक टूटा देख होश उड़ गए और घटना की जानकारी कोतवाली में दी। गृहस्वामी के मुताबिक करीब चार लाख की चोरी हुई है।