अमरोहा। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गेनाइजेशन ने बदायूं गैंग रेप व मर्डर को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदेश की सपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की।
संगठन के प्रदेश व्यापी विरोध के आह्वान पर एआईडीवाईओ के तमाम कार्यकर्ता सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष हर किशोर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों को खुलेआम संरक्षण दे रही है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बलात्कार जैसे संगीन अपराध को नौजवानों की गलती करार देकर माहौल खराब कर रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि बदायूं में नाबालिग दो बहनों के साथ पहले गैंग रेप किया, बाद में मर्डर कर दोनों की लाशों को पेड़ पर टांग दिया गया। इस घटना से प्रदेश की जनता को झकझोर कर रख दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ढिलाई से काम ले रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा और बदायूं गैंग रेप व मर्डर के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर फांसी देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में नासिर अली, नौबहार सिंह, गंभीर सिंह, नरेंद्र सिंह, सिद्घराज सिंह, जनम सिंह, वीरेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, कुशल व जोगेंद्र सिंह शामिल थे।