जोया(अमरोहा)। दो माह पहले बोलेरो पिकअप लूटकांड में शामिल एक लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। पकड़े गए लुटेरे की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गईं दूध की खाली तीन केन भी बरामद की हैं। जबकि पिकअप और अन्य सामान उसके फरार साथियों के कब्जे में है। उसने अपने तीन साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव मंढैया निवासी मोनू 20 अप्रैल को हरियाना गांव स्थित फैक्ट्री में दूध की सप्लाई करके बंबूगढ़ निवासी फैक्ट्री कर्मी अजीत, रवि और बंटी के साथ बोलेरो पिकअप लेकर लौट रहा था। रात लगभग 12 बजे अमरोहा-पतकोई मार्ग पर शहबाजपुर गांव के सामने रास्ते में गेहूं की लॉक डालकर बदमाशों ने पिकअप को रोक लिया था और सभी लोगों को बंधक बनाकर दस हजार और पिकअप लूट ली। मामले की रिपोर्ट दासीपुर गांव निवासी बोलेरो पिकअप मालिक राकेश ने दर्ज कराई थी। लुटेरों की सुरागरसी में जुटी पुलिस को दो माह बाद रविवार सुबह संभल तिराहा के पास सफलता मिली। संदिग्ध हालत में खड़े एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बोलेरो पिकअप लूट की घटना को कबूल कर लिया। उसने अपना नाम जावेद निवासी मुजफ्फरपुर बताया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूध की खाली तीन केन बरामद की हैं। उसने अपने तीन साथियों के नाम बताए हैं। उसने बताया कि पिकअप आदि सामान साथियों के पास हैं।