अमरोहा। महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की परीक्षा सुधार, छुटी हुई मौखिक परीक्षा, वायवा की परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 28 सितंबर तक परीक्षार्थियों को हार्ड कापी महाविद्यालय में जमा करनी होगी। यूनियन बैंक को चालान के लिए अधिकृत किया गया है। वहीं, जेएस हिंदू कालेज के प्राचार्य को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें कि जनपद में करीब पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक परीक्षा व परीक्षा सुधार परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए पंद्रह सितंबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की साइट पर ऑनलाइन आवेदन अपलोड कर सकेंगे। परीक्षा फार्म अपलोड करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। महाविद्यालय द्वारा परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है। वहीं, शहर के जेएस हिंदू कालेज प्राचार्य डा. जेपी गुप्ता को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्राचार्य को छात्र-छात्राओं की परीक्षा फार्म संबंधी समस्या का समाधान करना होगा। चालान फार्म जमा करने के लिए यूनियन बैंक को अधिकृत किया गया है।