हसनपुर। नगर के मुख्य बाजार में बुधवार की रात चोरों ने एक तीन मंजिला दुकान व रहरा बाईपास स्थित एक बैट्रा रिपेयरिंग की दुकान से साठ हजार की नगदी समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाल व सीओ से व्यापारियों की जमकर नोकझोंक हुई। चोरी का खुलासा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। व्यापारियों ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। नगर के मुख्य बाजार निवासी महेंद्र कुमार अग्रवाल पुत्र रामरतन अग्रवाल की मुख्य बाजार में रहरा रोड पर एक तीन मंजिला जनरल स्टोर की दुकान है। बुधवार रात्रि में किसी समय चोर दुकान के ऊपर चढ़ गए और जीने की खिड़की व दीवार तोड़कर अंदर घुस गए। दुकान में रखी साठ हजार रुपये की नगदी समेत करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान खोलने पर मालिक को घटना का पता चला। जानकारी मिलने पर व्यापारी एकत्र हो गए। कोतवाल इद्रमणि वर्मा व सीओ जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। चोरी की घटना से नाराज व्यापारियों की कोतवाल व सीओ से नोकझोंक हुई। उधर, मोहल्ला कालाशहीद निवासी शबाव की रहरा बाईपास पर बैट्रा रिपेयरिंग की दुकान है। चोरों ने बुधवार की रात को दुकान के ताले तोड़कर डेढ़ लाख का सामान चोरी कर लिया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
पिछली चोरी का भी पुलिस न कर सकी खुलासा
हसनपुर(ब्यूरो)। नगर के मुख्य बाजार निवासी महेंद्र कुमार अग्रवाल की दुकान से दिसंबर माह में भी इसी तरह चोरी की घटना हुई थी। लेकिन पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी। व्यापारी नेता सुरेश अग्रवाल ने बताया कि पुलिस की सुस्त कार्य प्रणाली से ही चोरों के होंसले बुलंद हो रहे है।
दुकान से पचास कदम पर पुलिस पिकेट
हसनपुर(ब्यूरो)। चोरों ने जिस दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया, उससे महज पचास कदम दूरी पर पुलिस पिकेट भी रहती है। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि चोरी की घटना की पुलिस को भनक तक नहीं लगी।