बागेश्वर। साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत यहां मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राम संजीवन ने कहा कि विचार पत्रक के अनुसार प्रशिक्षणार्थी दक्षता प्राप्त करें।
बीआरसी सभागार में श्री संजीवन ने कहा कि मास्टर ट्रेनरों ने आने वाले समय में प्रेरकों को प्रशिक्षण देना है। इसलिए पहले उन्हें दक्ष होना पड़ेगा। साक्षर भारत कार्यक्रम का लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरे मनोयोग से कार्य करें। बीआरसी समन्वयक प्रवीण दफौटी ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर निरीक्षरों को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से साक्षर बनाया जाए। सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयं सेवकों का भी सहयोग लेने की अपील की। प्रशिक्षण प्रभारी प्रताप कबडोला ने बताया कि नव साक्षरों को बेसिक साक्षरता परीक्षा ग्राम लोक शिक्षा केंद्र स्तर पर सात अक्तूबर को आयोजित होगी। परीक्षा सामग्री 27 सितंबर को वितरित की जाएगी। इस मौके पर के एन जोशी, एमएस खेतवाल, देवेंद्र गिरी, गौरी शंकर पुरी, जगजीवन रावत आदि मौजूद थे।