कमस्यार/ बागेश्वर। बारिश के बाद अब ओलावृष्टि कमस्यार के किसानों के लिए आफत बनकर बरस रही हैं। मंगलवार की रात क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से किसानों की खरीफ की खड़ी फसल को व्यापक नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान कपूरी और भैसूड़ी के किसानों को हुआ है।
भैसूड़ी के ग्राम प्रधान दनी राम तथा कपूरी की प्रधान गीता देवी ने बताया कि मंगलवार की रात आठ बजे से क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। ओलों की मार से करीब 150 परिवारों की धान की फसल चौपट हो गई है। उन्होंने बताया कि गत दिनों हुई मूसलाधार बारिश ने उनकी खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया था। बची फसल गत रात्रि हुई ओलावृष्टि से चौपट हो गई है। अब उनके सामने परिवार के भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ओलावृष्टि से धोलियापाटा आदि गांवाें भी नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष एसएस रावत ने जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। इधर तहसील प्रशासन ने कहा कि क्षेत्रीय पटवारी से नुकसान का आंकलन करवाया जाएगा।