बागेश्वर। मंडलसेरा में बरसाती नालों के कारण पैदा हुई जलभराव की समस्या का अभी तक निदान
नहीं खोजा जा सका है। लोगों का कहना है कि बरसात निकल जाने के कारण काम करने यह सही
वक्त है। सरयू में इन नालों की निकासी केे लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।
मंडलसेरा की बढ़ती आबादी के कारण जल निकासी की समस्या भी पैदा हो गई है। बागेश्वर नगर पंचायत के बाहर स्थित इस क्षेत्र में कुल छह बरसाती नाले गुजरते हैं। जो ग्रीष्मकाल और शीतकाल में सूखे रहते हैं। बारिश में नालों में उफान के कारण इस बस्ती को खतरा पैदा हो जाता है। नागरिकों का कहना है कि मंडलसेरा गांव में कुंती नाले और दोगाड़ नाले का बरसाती पानी अधिक नुकसान करता है। आबादी में नालों की निकासी बंद हो जाने के कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है। बारिश का पानी बस्ती में इधर-उधर घुस जाता है। पिछली बरसात में कई बार उफनता पानी घरों के अंदर घुस गया। क्षेत्रवासियाें का कहना है कि बारिश के दौरान नुकसान होने पर नालाें को लेकर शोर मचाया जाता है। इसके बाद साल भर तक सरकारी विभाग ध्यान नहीं देते। स्थानीय लोगाें ने कहा कि इन नालों का रुख नदी की तरफ मोड़कर ही इस समस्या से बचा जा सकता है। यह कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाना चाहिए और नालों से सुरक्षा के लिए ठोस योजना बनाई जानी चाहिए।