बागेश्वर। एससी एसटी इंप्लाइज फेडरेशन की जिला इकाई की यहां हुई बैठक में पदोन्नति में आरक्षण दिए जाने की मांग पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार आरक्षण के मामले में उन्हें गुमराह कर रही है।
ताकुला मार्ग के एक होटल में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गत तीन नवंबर को फेडरेशन के अधिकारी तथा कर्मचारी गैरसैंण रैली में गए थे। नौकरी में आरक्षण के मामले में शीघ्र रणनीति तैयार की जाएगी। आरक्षण के समर्थन में ब्लाक तथा तहसील मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। अध्यक्षता करते हुए विनोद कुमार ने कहा कि राज्य की सरकार उन्हें गुमराह कर रही है, जबकि राजस्थान सरकार ने भटनागर समिति की रिपोर्ट को लागू कराकर वहां एससी एसटी के संवैधानिक हितों की रक्षा की है। बैठक के अंत में फेडरेशन के मंत्री संजय कुमार के अनुज अनिल कुमार के निधन पर दु:ख जताया। संचालन कोषाध्यक्ष जशपाल साह ने किया। इस मौके पर सुनील कुमार, विजय कुमार, जेके टम्टा, किशोर कुमार, रमेश टम्टा, सुशील कुमार, जेपी आगरी, अंबा राम, डीएल वर्मा, केएन धौनी आदि मौजूद थे।