बागेश्वर। जिलाधिकारी डा. वी षणमुगम ने कहा कि कोई भी बच्चा 24 फरवरी को पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहे। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें। लापरवाही किसी भी स्तर की सहन नहीं होगी। वह जिला टास्क फोर्स की बैठक को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।
कलेक्ट्रेट प्रांगण में डीएम ने कहा कि पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी। 24 फरवरी को दूसरे चरण में शून्य से पांच साल तक के बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई जानी है। उन्होंने कहा सीमावर्ती इलाकों, मलिन बस्तियों, खड़िया खानों में काम करने वाले मजदूरों के बच्चों, बसों में सफर कर रहे यात्रियों को भी मोबाइल टीम के जरिए दवा पिलाई जाएगी। अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएग। बूथों पर तैनात कर्मचारी पोलियो ड्राप पीने वाले बच्चों के अभिभावक का मोबाइल नंबर पंजिका में अवश्य लिखें। 24 फरवरी को दवा पीने से वंचित बच्चों को 25 तथा 26 घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। 21 फरवरी को स्कूली बच्चे जागरूकता रैली निकालेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. चंद्रा पंत ने बताया कि 37288 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बैठक में सीडीओ रोशन लाल, बागेश्वर के एसडीएम फींचा राम, जिला पंचायत अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, डा. जेसी मंडल, अनूप कांडपाल आदि मौजूद थे।