बागेश्वर। प्राथमिक विद्यालय गाड़गांव शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। शिक्षकों की मांग को लेकर अभिभावकों ने छात्र-छात्राआें सहित मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। अभिभावकों का कहना है कि यदि परीक्षा से पूर्व शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट के नेतृत्व में अभिभावक विद्यालय में अध्ययरत 75 छात्र-छात्राओं को लेकर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ शिक्षकों की तैनाती की मांग की गई। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में 75 छात्र-छात्राएं हैं। एक प्रधानाध्यापिका के सहारे विद्यालय छोड़ा गया है। जिससे बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई है। उन्होंने परीक्षा संपन्न कराने तक एक शिक्षक तथा नए सत्र के लिए दो शिक्षकों की तैनाती की मांग की। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक को मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक के आश्वासन के बाद अभिभावक शांत हुए। इस अवसर पर जानकी देवी सहित अभिावक मौजूद थे।