बागेश्वर। नदी गांव में मकान का ताला तोड़कर चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला और गृहस्वामी के लगभग दो लाख के जेवरात उड़ा लिए। चोरों ने एक किराएदार के कमरे से भी 18 सौ की नकदी पर हाथ साफ किया। कोतवाल और सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले में पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।
नदीगांव निवासी गणेश सिंह कार्की बीएसएफ में हैं और उनके बच्चे भी बाहर रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी उर्मिला कार्की अकेली रहती हैं। एक कमरा डाकघर के रात्रिकालीन चौकीदार पूरनचंद्र पांडे के पास है। सोमवार की रात उर्मिला देवी किसी काम से तहसील रोड में अपने रिश्तेदारों के घर चली गई। चौकीदार भी ड्यूटी पर चला गया। रात को किसी वक्त चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो बड़े कमरों और एक मंदिर के कमरे को खंगाल डाला। एक कमरे के बक्से में रखे सोने के मांग टीके, नथ, झुमके, टाप्स, मंगल सूत्र, चांदी के पायल, बिच्छू आदि को उठा ले गए। इसी मकान में किराएदार पूरन चंद्र के कमरे का भी ताला तोड़ा गया। वहां रखे 18 रुपये चुरा लिए। पुलिस के अनुसार चोरों ने इन कमरों में रखा सभी सामान अस्त व्यस्त कर दिया। सुबह उर्मिला देवी को पड़ोसियों ने फोन पर इसकी सूचना दी। इसके बाद उर्र्मिला देवी ने घर आकर इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ धनीराम और प्रभारी कोतवाल प्रवीण सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है।