बागेश्वर। कपकोट ब्लाक के हल्द्वानी बीट के जंगल में तीन दिन से आग से लगी है। शनिवार को आग कालापैरकाभड़ी ग्राम पंचायत के घरों की सीमा तक पहुंच गई। आग की तेज लपटों को देख कुछ लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। गांव के कुछ साहसी युवाओं ने मिलकर आग पर काबू पाया, लेकिन इतना सब होने के बावजूद वन विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा है।
करीब पांच हेक्टेयर जंगल को आग तीन दिन से घेरे में ले रखा था। कापड़ी कालाभैर के युवा में पुष्कर सिंह, हरीश, भुवन, सुंदर सिंह, प्रदीप सिंह, चंद्र सिंह आदि ने बताया कि अगर आग बुझाने में सफलता नहीं मिलती तो घर जल जाते और कई बेघर हो जाते। गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि जंगल जलने के बारे में जंगलात के अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई नहीं आया। आग से कई छोटे बड़े पेड़ झुलस गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि जंगलों को नहीं बचाया गया तो विभाग के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने जंगल बचाने के नाम पर दिखावे की गोरिूठयां न करने की भी सलाह दी।