बागेश्वर। कांडा के गणेशपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल से दो अध्यापिकाओं को अन्यत्र संबद्ध कर दिया गया। इनमें से एक को प्राथमिक स्कूल में भेजा गया है। अब इस स्कूल में मात्र एक प्रधानाध्यापिका ही बची हैं। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही। आक्रोशित ग्रामीणों ने आंदोलन की धमकी दी है।
ग्रामीणों के अनुसार गणेशपुर के स्कूल में प्रधानाध्यापिका सहित तीन अध्यापिकाएं कार्यरत थी। 30 अगस्त को एक अध्यापिका को हाईस्कूल पंचौड़ा में व्यवस्था के तहत भेजा गया जबकि दूसरी अध्यापिका को इससे पहले 13 अप्रैल को प्राइमरी स्कूल गणुवा सिरमोली, 24 जुलाई को गणुवा सिरमोली से हटाकर प्राइमरी स्कूल थाला से संबद्ध किया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का यह रवैया चिंताजनक है। पंचौड़ा में पहले से ही एक अध्यापिका है, अब वहां दो अध्यापिकाएं हैं। प्राइमरी स्कूल थाला में कुछ दिन पहले ही दो अध्यापिकाओं की नियुक्ति हुई है। अब वहां तीन अध्यापिकाएं हो गई हैं जबकि गणेशपुर जूनियर हाईस्कूल में मात्र प्रधानाध्यापिका मोहनी राठौर के ऊपर ही तीन कक्षाओं की जिम्मेदारी है। उनके एक दिन भी कहीं जाने पर स्कूल बंद करना पड़ रहा है। इससे अभिभावकों में गुस्सा है। संबद्ध अध्यापिकाओं को शीघ्र वापस नहीं लाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।