सड़क हादसों में गई दो लोगों की जान
- फोटो : अमर उजाला
गरुड़ (बागेश्वर)। थाना क्षेत्र बैजनाथ के सिमार गांव में बुधवार की रात ट्रक की चपेट में आकर बाइक चालक की मृत्यु हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। कांडा क्षेत्र के ग्राम खुनौली निवासी ललित भट्ट (26) पुत्र गोकुलानंद भट्ट बुधवार रात बाइक से कहीं जा रहा था। धपाली गांव कांडा निवासी सचिन धपोला भी उसके साथ बाइक पर सवार था। तभी सिमार गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय यह बाइक ट्रक की चपेट में आ गई।
इस कारण बाइक चालक ललित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उसका साथी सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बैजनाथ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ललित ने हेलमेट बाइक पर टांगा था। अगर उसने इसे पहन लिया होता तो शायद उसकी जान बच जाती।