रायन इंटरनेशनल स्कूल गुरुग्राम में छात्र प्रद्युम्न की हत्या के बाद स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के प्रयास शुरू हो गए हैं। डीएम रंजना ने सभी स्कूल संचालकों को निजी स्कूलों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी लगाने सहित कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डीएम रंजना ने महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा के हवाले से कहा है कि पब्लिक स्कूलों में छात्र-छात्राओं को भयमुक्त माहौल और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने एवं शारीरिक, मानसिक शोषण या प्रताड़ना न हो इसके लिए स्कूलों को सभी पर्याप्त इंतजाम करने होंगे।
इसके तहत स्कूल परिसर के हर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी लगाने, स्कूल में छात्र-छात्राओं व शिक्षा-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए अलग-अलग शौचालय हों, किसी भी स्कूल में शौचालय का प्रयोग संयुक्त रूप से न करने, स्कूल में कार्यरत शिक्षक व कार्मिकों का पुलिस सत्यापन करने, स्कूल परिसर में बाहरी लोगों व आगंतुकों का भलीभांति जांच कर विवरण रखने को निर्देशित किया है।
स्कूल प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को प्रतिदिन जांच करने को भी कहा गया है। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) एवं माध्यमिक से निर्देशों का पालन कराने और समय-समय पर पब्लिक स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसी विद्यालय द्वारा निर्देशों का पालन न करने या उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्घ कठोर कार्रवाई अमल में लाने को कहा है।