गोपेश्वर। जोशीमठ नगर पालिका की ओर से ऊर्जा निगम के बिल का भुगतान न होने पर निगम ने स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया है। नगर पालिका जोशीमठ की ओर से पांच वर्षों से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया गया है।
जोशीमठ नगर में वर्तमान समय में पथ प्रकाश की व्यवस्था के लिए नगर पालिका की ओर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, लेकिन पालिका की ओर से पांच वर्षों से ऊर्जा निगम के बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में पालिका पर बिलों की बकाया राशि 38 लाख 3 हजार हो गई है। इससे ऊर्जा निगम को लाखों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसे देखते हुए अब ऊर्जा निगम ने पालिका का बिजली कनेक्शन काट दिया है। ऐसे में अब नगर में रहने वालों को रात के समय आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पडे़गा। वहीं दूसरी ओर नगर में संचालित बीएसएनएल कार्यालय की ओर से भी 12 लाख की लागत का बिल बकाया है। नगर क्षेत्र में व्यावसायिक कनेक्शनों पर 1 करोड़ 39 लाख और घरेलू कनेक्शनों पर 91 लाख 50 हजार के बिलों का बकाया शेष है।
कोट
नगर पालिका जोशीमठ से बिलों के भुगतान के लिए पत्राचार के बाद नोटिस भेजे गए थे, लेकिन पालिका प्रशासन की ओर से कोई उत्तर नहीं दिया गया। अब नगर की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया गया है। वहीं संचार निगम की ओर से बिल भुगतान के लिए समय की मांग की गई है। - कैलाश कुमार, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, चमोली।