जोशीमठ। फूलों की घाटी के पैदल ट्रेक से बर्फ हटाने का काम शुरू हो गया है। एक जून से देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए खुल जाएगी और घाटी के पैदल ट्रेक पर अभी भी अलग-अलग स्थानों पर चार हिमखंड पसरे हुए हैं।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारी व कर्मचारियों की ओर से घाटी का निरीक्षण करने के बाद घाटी के पैदल ट्रेक से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के 14 मजदूर पैदल ट्रेक से बर्फ हटाने में जुटे हैं। पैदल ट्रेक पर द्वारीपुल, बामणधोड़, नागपाल और मेरी की कब्र के आसपास बड़े-बड़े हिमखंड पसरे हैं। फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन भारती ने बताया कि एक जून से पहले पैदल ट्रेक से बर्फ हटा ली जाएगी। घाटी में अभी भी लगभग दो फीट तक बर्फ जमी है।