गोपेश्वर। चमोली जिले में 49 उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूल संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। इन विद्यालयों में विकास अनुदान के तहत बजट आवंटन न होने से शिक्षकों को विद्यालय संचालन करने में दिक्कतें आ रही हैं। स्थिति यह है कि शिक्षक अपने वेतन से ही विद्यालयों में चॉक, स्टेशनरी, पठन-पाठन और खेल सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।
समग्र शिक्षा योजना के तहत हाईस्कूल स्तर तक के विद्यालयों को स्टेशनरी से लेकर विद्यालय भवन के रंग-रोगन के लिए छात्र संख्या के आधार पर धनराशि आवंटित की जाती है, लेकिन जिले में जूनियर हाईस्कूल से हाईस्कूल में उच्चीकृत हुए 49 में विकास अनुदान की कोई राशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे शिक्षकों को विद्यालयों में व्यवस्था बनाना मुश्किल हो रहा है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मनोज शाह का कहना है कि छात्र संघ के आधार पर विद्यालयों में विकास अनुदान के तहत एक लाख तक की धनराशि आवंटित की जा रही है, लेकिन उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूलों में यह धनराशि आवंटित नहीं की जा रही है। शिक्षक वेतन से ही विद्यालय में जरूरतों की आपूर्ति कर रहे हैं।
संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सैन सिंह नेगी ने शीघ्र विद्यालयों को बजट आवंटित करने की मांग उठाई। इधर, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) नरेश कुमार हल्दियानी का कहना है कि समग्र शिक्षा के तहत उच्चीकृत विद्यालयों में सिर्फ हाईस्कूल को ही धनराशि का आवंटन किया गया है। जूनियर हाईस्कूलों को धनराशि उपलब्ध कराने के लिए शासन से मांग की गई है।