नारायणबगड़। पिंडर घाटी क्षेत्र के असेड़-सिमली गांव में दो दिवसीय मेला महादेव की पूजा के साथ शुरू हुआ। बुधवार को बारिश के बावजूद मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान सणकोट गांव की देव डोलियाें और महामृत्युंजय महादेव के निशाण का मिलन देख श्रद्धालु भावुक हो गए। इस दौरान भक्तों ने मंदिर में भजन-कीर्तन किए और भगवान से सुख समृद्धि का वरदान मांगा।
बुधवार को असेड़ गांव के पटागण चौक में सबसे पहले महामृत्युंजय महादेव की पूजा की गई और इसी के साथ मेला शुरू हो गया। आसपास के गांवों के लोगों और ध्याणियों ने भगवान को भेंट अर्पित की। बुजुर्ग महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए। पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। रावल पुजारियों ने महामृत्युंजय महादेव की महाभिषेक पूजा की और उसके बाद भोग लगाया। भक्तों ने महादेव के जयकारे लगाए। सणकोट गांव की देव डोलियां महामृत्युंजय महादेव के निशाण से मिलने असेड़ गांव पहुंचीं। देवताओं के इस मिलन को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। उन्होंने देवताओं पर पुष्प वर्षा की और जयकारे लगाए। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद और जौ की हरियाली वितरित की गई। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष बृजमोहन बुटोला, राम सिंह रावल, केएस राणा, थान सिंह रावल, कमलेश सती आदि थे।