सीएम हरीश रावत के राजनीतिक सलाहकार पृथ्बीपाल सिंह चौहान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर कार्य करने के लिए कहा। लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित बैठक में चौहान ने कहा कि प्रदेश में हरीश रावत सरकार ने पहाड़ के विकास के लिए कई योजनाएं बनाईं।
आने वाले तीन सालों में पहाड़ से पलायन को समाप्त करने के लिए भी ब्लू प्रिंट तैयार किया है। चौहान ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने राज्य के बजट में कटौती कर दी, जिसके चलते प्रदेश की कई बड़ी विकास परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
चौहान ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने की बात कही। बैठक में दुग्ध संघ अध्यक्ष राजेश्वरी नेगी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष हरीश सती, निर्माण सलाहकार समिति के सदस्य राजा चौहान, यातायात समिति के अध्यक्ष महेश खंडूड़ी, हरेंद्र बिष्ट, बीरेंद्र रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिग्पाल सिंह और जिते सिंह और कमलेश गैरोला आदि मौजूद थे।