चंपावत। दीवाली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजार चौकी में आयोजित बैठक में दीपावली के समय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही रोशनी के इस त्योहार को उल्लास के साथ मनाने की अपील की। बाद में पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों ने पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया और विक्रेताओं को ऐहतियाती व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में कहा गया कि इस बार समय कम मिलने के कारण पटाखा तथा आतिशबाजी की दुकानें मुख्य शहर से बाहर लगाने की व्यवस्था नहीं हो पाई। मुख्य बाजार में इस बार पटाखों की दुकानों के लिए स्थान का निर्धारण कर दिया गया है। विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई है कि बिना लाइसेंस के आतिशबाजी का सामान न बेचें। इसके अलावा दुकान में आग की संभावित घटना से बचने के लिए पानी, रेत आदि का इंतजाम करें। फायर ब्रिगेड का वाहन भी मौके पर मौजूद रहेगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव, कोतवाल आरएस टोलिया, उपनिरीक्षक राजेश पांडे, व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन गिरी, उपाध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, दीपक लारा, बसंत तड़ागी, गोपाल सिंह भंडारी, किशन तिवारी, भगवत शरण राय, दीपक चौधरी, विजय गिरी, सुरेश उप्रेती, गिरीश तिवारी, दीपक तड़ागी आदि मौजूद थे। बाद में अधिकारियों ने आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया।