लोहाघाट। दिल्ली में बालिका के साथ हुए गैंग रेप की घटना से जुड़े युवकों को फांसी की सजा दिए जाने एवं महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने की मांग को लेकर मध्य गंगोल में संगज्यू महासंघ की महिलाओं एवं महिला समाख्या ने जोरदार रैली निकाली। महासंघ की सक्रिय कार्यकत्री एवं प्रमुख समाज सेवी गीता मेहरा एवं इंद्रा देवी के नेतृत्व में निकाली गई रैली में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी की।
महिला समाख्या की जया नेगी ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं लगातार आगे बढ़ती जा रही हैं, इसी के साथ उन पर हमले भी होते जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी महिलाओं को संगठित होकर कानून का सहारा लेना होगा। जुग्यानी देवी, यशोदा देवी, हीरा देवी, गोविंदी देवी के अलावा राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने भी आक्रोश भरे लहजे में गैंगरेप कांड के गुनहगारों को कड़ी सजा देने की मांग की। उधर, पुलहिंडोला में महिला समाख्या की मीनू पंत, पुष्पा सौन के नेतृत्व में महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। सरस्वती गोदावरी, विमला, नर्मदा, जानकी आदि महिलाओं ने आज भी राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।