टनकपुर। बनबसा में कैनाल विभाग की भूमि जल्द अतिक्रमण से मुक्त होगी। प्रशासन अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। तहसील प्रशासन की टीम ने कैनाल की भूमि का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। वहां काबिज लोगों को भूमि खाली करने की हिदायत दी गई है।
परिसंपत्तियों का बंटवारा न होने से बनबसा में कैनाल परिसर की भूमि अब भी यूपी सिंचाई विभाग के अधीन है। परिसंपत्ति बंटवारे के विवाद का फायदा अतिक्रमणकारी उठा रहे हैं। राज्य गठन के बाद अतिक्रमण तेज हुआ है। आज हाल यह है कि कैनाल के जंगल काट कर अवैध बस्तियां बसा ली गई हैं। क्षेत्र के दौरे पर आए प्रदेश के प्रमुख राजस्व सचिव सुभाष कुमार के कड़े निर्देश के बाद अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को उप जिलाधिकारी जसवंत सिंह राठौर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने कैनाल परिसर का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि बनबसा में जल्द अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई कर कैनाल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।