टनकपुर। न्यू टैक्सी स्टैंड रोड से टैक्सी वाहनों के संचालन को लेकर टैक्सी यूनियन और नागरिकों में चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार को न्यू स्टैंड रोड के नागरिकों एवं यूनियन पदाधिकारियों मे कहासुनी हुई। जिसके बाद पुलिस ने यूनियन को व्यवस्था तत्काल सुधारने की हिदायत दी है।
पर्वतीय मार्गों पर चलने वाली टैक्सियों का संचालन न्यू टैक्सी स्टैंड रोड के दक्षिणी छोर से चल रहा है, जबकि टैक्सी स्टैंड उत्तरी छोर पर निर्मित है। संचालन की इस व्यवस्था से स्टैंड रोड के नागरिकों एवं टैक्सी यूनियन में विवाद बना हुआ है। दोनों में आज फिर विवाद खड़ा हो गया। मामला कोतवाली तक पहुंचा तो कोतवाल नरेश चंद ने टैक्सी यूनियन को संचालन व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने की हिदायत दी। कोतवाल ने कहा कि संचालन स्थल में गड़बड़ मिली तो वहां खड़े वाहन सीज किए जाएंगे। नागरिकों का कहना है कि स्टैंड के बजाय दक्षिणी छोर से वाहनों का संचालन किए जाने से आम लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोड पर वाहनों के आड़े तिरछे खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इधर टैक्सी यूनियन अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता का कहना है कि पर्वतीय मार्ग के वाहनों का संचालन पूर्व से ही सड़क के दक्षिणी छोर से होता आया है लेकिन कुछ लोग निहित स्वार्थों के लिए विवाद की स्थिति पैदा कर रहे हैं।