चंपावत। जिले में ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 14 नई ग्राम पंचायतें अस्तित्व में आ जाएंगी। इसी के साथ जिले में अब तक 290 ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 304 हो जाएगी। चंपावत विकासखंड में सर्वाधिक आठ ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन किया गया है, जबकि दावे एवं आपत्तियों के बाद विकासखंड चंपावत की देवीपुरा तथा पाटी विकासखंड की चौड़ा मेहता को भी ग्राम पंचायत का दर्जा मिल गया है। मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी ने बताया कि चंपावत में आठ, लोहाघाट तथा बाराकोट में एक एक और पाटी विकासखंड में चार ग्राम पंचायतों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है।
सीडीओ ने बताया कि चंपावत विकासखंड में ड़डा बिष्ट, विचई, मंच, चंदनी, कांडा, सिलिंगटाक, मौनपोखरी एवं देवीपुरा को ग्राम पंचायतों का दर्जा मिने से अब विकासखंड में कुल 107 ग्राम पंचायतें हो गई हैं। लोहाघाट के सुदर्का में नई ग्राम पंचायत का गठन किया गया है। अब लोहाघाट में ग्राम पंचायतों की संख्या 66 हो गई है। इसी प्रकार बाराकोट में ओखलंज नई ग्राम पंचायत के साथ यहां 48 ग्राम पंचायतें हो गई हैं। पाटी विकासखंड में टाक बल्वाड़ी, डसिया चामी, थापलागूंठ एवं चौड़ामेहता को नई ग्राम पंचायत का दर्जा दिया गया है। अब पाटी विकासखंड में ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है। सीडीओ ने सभी नवगठित ग्राम पंचायतों की सूची शासन एवं पंचायतराज निदेशालय को भेजे जाने की पुष्टि की है।