लोहाघाट। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहे पाटी ब्लाक के लोगों की डिग्री कॉलेज की मुराद पूरी नहीं हो पाई है। 83 ग्राम पंचायतों वाले विकास खंड में लोग लंबे समय से उच्च शिक्षा केंद्र की लगातार मांग करते आ रहे हैं। इसके लिए व्यापारियों ने जोरदार संघर्ष भी किया था, लेकिन लोगों को निराशा के सिवाय कुछ नहीं मिला। अलबत्ता एक वर्ष पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने केंद्र सरकार की ओर से डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा अवश्य की थी। वर्तमान में पाटी के छात्र उच्च शिक्षा के लिए लोहाघाट, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा आदि स्थानों में जा रहे हैं, जिसमें छात्राओं का उच्च शिक्षा का ख्वाब यहीं समाप्त हो जाता है।
क्षेत्र में उच्च शिक्षा की व्यवस्था न होने के कारण यहां से तमाम जागरूक लोग अन्यत्र पलायन करने लगे हैं। शिक्षा के प्रति लोगों की जागरूकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डिग्री कॉलेज के लिए पहले से ही भूमि दान करने की पेशकश की हुई है। ब्लाक अंतर्गत वर्तमान में 10 राजकीय इंटर कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं। जहां से प्रतिवर्ष 300 छात्र इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अनिश्चित भविष्य के राही बन जाते हैं। ठीक यही स्थिति बालिकाओं की भी है। वह समय के अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती हैं, लेकिन साधनों का अभाव उनके इस अरमान को पूरा करने में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है।