चंपावत। पूर्णागिरि मेला 29 मार्च से शुरू होगा। इस बार यह मेला 31 मई तक चलेगा। मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए शुक्रवार को डीएम श्रीधर बाबू अद्दांकी की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। डीएम ने इस बार मेला क्षेत्र को पूर्णतया पॉलीथिन मुक्त रखने का निर्देश दिया है। मेला क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों से जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने मेला क्षेत्र की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए एसडीएम एवं पुलिस को दिशा निर्देश दिए।
पेयजल, विद्युत, पार्किंग, संचार व्यवस्था के अलावा स्वास्थ्य, अग्नि शिविर, पुलिस एवं पीआरडी के जवानों के रहने, भोजन की व्यवस्था पर विचार किया गया। एसडीएम टनकपुर जेएस राठौर को मेला मजिस्ट्रेट और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जेपी आर्या को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया। ठूलीगाढ के वन चेतना केंद्र में मेला मजिस्ट्रेट एवं अधिकारियों का कैंप कार्यालय स्थापित होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने सभी विभागों के अधिकारियों से मेले के संचालन में सहयोग देने को कहा। पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने मेले में पर्याप्त सुरक्षा बल मुहैया कराए जाने की जानकारी दी गई। एसडीएम टनकपुर, लोहाघाट, पाटी के अलावा सीएमओ, पूर्णागिरि व्यापार मंडल अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय, पूर्णागिरि मेला कमेटी अध्यक्ष किशन तिवारी, नेत्रबल्लभ तिवारी, मोहन पांडेय, जर्नादन पांडेय, नाथ पांडेय, सुरेश तिवारी, पूरन चंद्र, गिरीश चंद्र, टनकपुर टैक्सी यूनियन अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता सहित तमाम लोगों ने सुझाव दिए। संचालन अपर जिलाधिकारी दीप्ति सिंह ने किया।