चंपावत। प्रदेश के नियोजन, सूचना प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश अग्रवाल ने मंगलवार को वर्ष 2013-14 की वार्षिक जिला योजना के लिए 44.77 लाख रुपये की परिव्यय का अनुमोदित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला योजना में विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तावित योजनाओं की दोबारा समीक्षा की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि इसमें ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत की बैठकों में स्वीकृत योजनाएं रखी गई हैं या नहीं।
स्थानीय कलक्ट्रेट सभागार में जिला नियोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिला योजना में अभी तक अधिकारी अपनी मर्जी से योजनाएं सम्मिलित कर रहे हैं, लेकिन अब आगे से ऐसा नहीं होगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, विधायक हेमेश खर्कवाल एवं पूरन सिंह फर्त्याल, जिला नियोजन समिति सदस्य विमला सजवान, सचिन जोशी, दीवान सिंह अधिकारी, पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, सीडीओ जेके तिवारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।