चंपावत। लोहाघाट और चंपावत नगर के ठीक मध्य में स्थित मानेश्वर महादेव मंदिर के मेला प्रांगण को सुधारने की मांग दिनोंदिन जोर पकड़ती जा रही है। मानेश्वर महादेव मंदिर भगवान शिव के अनुयायियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐतिहासिक मेला प्रांगण में प्रतिवर्ष होली की एकादशी को विशाल मेला आयोजित किया जाता है। इस दिन मेले के दौरान सर्वप्रथम खड़ी होली का गायन किया जाता है, उसके बाद अन्य स्थानों में होली गायन की शुरुआत की जाती है।
मंदिर के मेला प्रांगण को मैदान में परिवर्तित करने के लिए स्थानीय लोगों की ओर से समय-समय पर मांग उठाई जाती है, लेकिन पर्यटन विभाग और अन्य महकमों की ओर से इस दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है। मंदिर के महंत रमनपुरी जी महाराज बताते हैं कि पूर्व में लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की ओर से मेला प्रांगण के विस्तार के लिए 25 हजार रुपये की धनराशि दी गई थी, जिससे प्रांगण में समतलीकरण कार्य किया जा चुका है, जबकि इस कार्य के लिए और धनराशि की आवश्यकता है। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों की ओर से पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय भी लिया गया है।