बनबसा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगबुड़ा पुल के पास एक टैक्सी वाहन के पेड़ से जा टकराया। चालक समेत वाहन में सवार दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को खटीमा अस्पताल भर्ती कराया गया है। हादसे की वजह वाहन का एकाएक बेकाबू होना बताया गया । खटीमा से टनकपुर जा रही एक मैजिक टैक्सी (यूए 06टीए/2833) जगबूड़ा पुल के पास एनएच किनारे बमनपुरी के समीप अनियंत्रित हो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। वाहन में सवार पचौरिया निवासी आशा भंडारी, नेपाल निवासी राधा देवी, बनबसा वासी मीना उनियाल और उनकी दो बेटियां लक्ष्मी और भूमि, नानकमत्ता निवासी नारायण राम, एनएचपीसी निवासी ममता और नीतू सिंह और इंद्र कालोनी, बनबसा निवासी अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। दरोगा विनोद जोशी ने बताया कि खटीमा पशु अस्पताल निवासी ड्राइवर अशोक कुमार पुत्र केशव राम भी घायल हुए। घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया जिन्होंने अपने स्तर से घायलों को विभिन्न चिकित्सालयों में भर्ती कराया है।