महेंद्रनगर (नेपाल)। कंचनुपर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर में चल रहे व्यापार एवं पर्यटन मेले की खासी धूम मची है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग मेले में शिरकत कर देशी-विदेशी उत्पादों से रूबरू हो रहे हैं। वहीं लोग सांस्कृतिक दलों द्वारा पेश किए जा रहे रंगारंग कार्यक्रमों का लुत्फ उठा रहे हैं।
जिला उद्योग वाणिज्य संघ के तत्वावधान में इन दिनों महेंद्रनगर में व्यापार एवं पर्यटन मेला चल रहा है। मेले में घरेलू उद्योग और कृर्षि उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ ही विदेशी उत्पादों की दो दर्जन से अधिक स्टाल लगे हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड भी मेले में प्रदर्शनी लगाकर लोगों को नेपाल के पर्यटन और धार्मिक स्थलों की जानकारी दे रहा है। वाणिज्य संघ अध्यक्ष श्री पांडेय का कहना है कि संस्था द्वारा हर साल आयोजित किए जाने वाले इस मेले से जहां लोग घरेलू और विदेशी उत्पादों से रूबरू हो रहे हैं। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नेपाल की संस्कृति समझने का भी मौका मिल रहा है। उनका कहना है कि मेले के आयोजन का उद्देश्य लोगों को घरेलू और विदेशी उत्पादों से रूबरू करा व्यापार को गति देना है।