टनकपुर। पूर्णागिरि मेले में बीते तीन साल से यात्री और व्यापारी पानी के संकट का सामना करते आ रहे हैं, लेकिन इस बार हाल में हुई बारिश से जल स्रोतों के रिचार्ज होने से जलसंस्थान राहत में है।
उत्तर भारत के सुविख्यात पूर्णागिरि धाम में होली के बाद 18 मार्च से प्रसिद्ध मेला शुरू होने जा रहा है। मेले की व्यवस्था से जुड़े विभाग बिगड़ी व्यवस्था को ठीक करने में जुटे हैं। सड़कों की दशा सुधारने के साथ ही टनकपुर से लेगर पूर्णागिरि तक यात्रियों की सुविधाओं के इंतजाम किए जा रहे हैं। बीते तीन सालों से मेले में पानी का संकट एक बड़ी समस्या रही, लेकिन इस बार जलसंस्थान का दावा है कि यात्रियों और व्यापारियों को पर्याप्त पानी मिलेगा। इसके पीछे विभाग हालिया बारिश से जल स्रोतों का रिचार्ज होना बताया जा रहा है। विभाग के अवर अभियंता बीएस कुवार्पी का कहना है कि दुकानदारों द्वारा पानी खिंचने के लिए अक्सर कनेक्शन तोड़ने से समस्या पैदा होती थी। इस बार कनेक्शन प्वाइंटों पर आरसीसी करा दी गई है।