बनबसा। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि विकास ही कांग्रेस की पहचान है। कांग्रेस ने उत्तराखंड के विकास को प्राथमिकता दी है। केंद्र में यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो विकास की रफ्तार और तेज होगी।
खटीमा से कार में आए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पहले चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और फिर बाजार में पैदल चलकर सभा स्थल पहुंचे। मीना बाजार में हुई सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिल्पकला को रोजगार का जरिया बनाने के लिए एक सौ करोड़ की लागत से शिल्प तकनीकी संस्थान खोलने की योजना है। 1803 विकास कार्यों का एक साथ शिलान्यास किया गया और 1600 योजना में काम भी शुरू हो चुका है। वन्यजीवों से काश्तकारों की फसल बचाने के लिए सरकार ने जंगल से लगे गांवाें में दीवार बंदी की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों ने दुग्ध उत्पादन से अपनी तकदीर बदली है। उत्तराखंड में भी दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। चारा प्रजाति के वृक्ष लगाने वालों को सरकार ने पारितोषिक देने का फैसला किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य, सांसद प्रदीप टम्टा, दर्जा कैबिनेट मंत्री क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी विचार रखे। संचालन महेश चंद और मंडी समिति सभापति हरीश भट्ट ने किया।
गुजरात हो न हो, मोदी जरूर बन गए मॉडल: रावत
बनबसा। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा के पीएम पद उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी ने गुजरात को मॉडल बनाया हो या न बनाया हो, लेकिन वे खुद एक मॉडल बन गए हैं। हर जनसभा में वे मेकअप के साथ अलग-अलग पोशाकों में नजर आते हैं। फैशन डिजाइनरों से उन्हें सभा के लिए तैयार कराया जा रहा है। भारत को कांग्रेस मुक्त बनाने की बात करने वाले मोदी को पहले कांग्रेस का इतिहास पढ़ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत विशाल देश है और कांग्रेस उसकी आत्मा है। कांग्रेस ही देश को एकजुटता के सूत्र में बांधे रख सकती है।