लोहाघाट। एडीबी की ओर से 35.68 करोड़ रुपए लागत से 45 किमी चौमला- वालिक, 11.55 किमी पुल्ला-मडलक मार्ग को हॉटमिक्स करते समय गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक हयात सिंह अधिकारी ने आरटीआई के तहत विभाग से ली गई जानकारी में यह बात सामने आई है। पता चला कि विभाग की ओर से निर्धारित मापदंडों के अनुसार हॉटमिक्स नहीं हो रहा है। कई जगहों पर सड़क टूटने लगी है। दीवारों नालियों के निर्माण में पत्थर, रेता, बजरी काफी दूर से लाना दिखाया गया है, जबकि ठेकेदार स्थानीय स्तर से उनका उपयोग कर रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी से भी शिकायत की गई है। उन्होंने एडीबी के कार्यों की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने लोकायुक्त को भी पत्र लिखा है। उधर, एडीबी के एई बीके सिन्हा ने स्वीकारा कि हॉटमिक्स की गई सड़क कई स्थानों में खराब हो गई है। इसे ठीक किया जाएगा।