टनकपुर। तीन दिन की छुट्टी और बैसाखी पर्व के कारण रविवार को मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुआें की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 80 हजार से अधिक भक्तों ने देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पड़ोसी देश नेपाल में स्थित बाबा सिद्धनाथ के दर्शन को भी श्रद्धालुओं को घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। टुन्यास क्षेत्र में पानी के संकट से यात्रियाें को परेशानी उठानी पड़ी।
सेकेंड सटर्डे, रविवार और सोमवार को अंबेडकर जयंती का अवकाश है। जिस कारण गत शनिवार की सुबह से ही मां पूर्णागिरि के दर्शनार्थियों की भीड़ बढ़ने लगी थी। रविवार को स्थिति यह रही कि भीड़ नियंत्रित करने को भैरव मंदिर से लेकर मुख्य मंदिर तक पुलिस को जगह-जगह बेरिकेडिंग करनी पड़ी। अपर मेला मजिस्ट्रेट उप जिलाधिकारी जेएस राठौर, अपर मेला मजिस्ट्रेट उप जिलाधिकारी एनएस नागन्याल, सीओ प्रताप सिंह पांगती और कोतवाल नरेश चंद दिनभर व्यवस्था पर नजर रखे रहे।